SPAIN में 11 दिनों से जारी लॉकडाउन के बावजूद 24 घंटे में 738 की मौत

लॉकडाउन के बावजूद बीते 24 घंटों में 738 लोगों की मौत हो गई है। दुनिया भर में कोरोना से 19751 लोगों की जान जा चुकी है।


मैड्रिड, एजेंसियां। कोरोना की महामारी के चलते पिछले 24 घंटे में स्पेन में 738 लोगों की मौत हुई है। इस तरह स्पेन में मृतकों की संख्या 3,434 हो गई है। चीन में यह आंकड़ा फिलहाल 3,281 है। अब तक इटली में सबसे ज्यादा 6820 मौतें हुई हैं जबकि 69,176 लोग संक्रमित हैं। स्पेन का यह हाल तब है जब वहां पर पिछले 11 दिनों से लॉकडाउन है। देश में संक्रमितों की संख्या 47,610 हो गई है। पूरे विश्व में मृतकों की संख्या की बात करें तो यह आंकड़ा 19,751 पर पहुंच गया है। संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 4,40,318 हो गई है।



सबसे ज्यादा प्रभावित है मैड्रिड


महामारी से सबसे ज्यादा स्पेन की राजधानी मैड्रिड प्रभावित है। वहां पर संक्रमित लोगों की संख्या 14,957 है। यह कुल संक्रमित व्यक्तियों की संख्या का एक तिहाई है। मैड्रिड में होने वाली मौतों की बात करें तो अभी तक 1,825 लोगों की जान जा चुकी है। यह देश में हुई कुल मौतों का 53 फीसद है। कोरोना के टेस्ट में तेजी आने के बाद संक्रमित लोगों की संख्या अकेले मंगलवार को 20 फीसद का उछाल देखा गया। जबकि इसी अवधि में मृतकों की संख्या में 27 फीसद की वृद्धि देखी गई।


लॉकडाउन कितना कारगर जल्‍द हो जाएगा साफ


इमरजेंसी कोआर्डिनेटर फर्नाडो साइमन ने कहा कि हम महामारी से होने वाले प्रभावों के शिखर पर पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि यह जल्द ही स्पष्ट हो जाएगा कि लॉकडाउन का महामारी से लड़ने में कितना फायदा हो रहा है। रोगियों के मुकाबले स्पेन में अस्पतालों की कमी भी देखी जा रही है। इससे निपटने के लिए सेना ने मैड्रिड एक्जीबिशन सेंटर में बड़ा फील्ड हॉस्पिटल बनाया है। इस हॉस्पिटल में 1,500 बेड हैं, जिसे 5,500 बेड तक बढ़ाया जा सकता है।


यूरोपीय संघ के संस्थानों ने स्पेन के साथ एकजुटता दिखाई


स्पेन में महामारी से निपटने के लिए यूरोपीय संघ के विभिन्न संस्थानों ने बुधवार को एकजुटता प्रदर्शित की। यूरोपियन आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डर लेयन ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो संदेश में कहा, 'आपकी मदद के लिए हम अथक प्रयास कर रहे हैं। आप अकेले नहीं हैं।' यूरोपीय संघ के देशों के बीच समन्वय बनाने वाले यूरोपीय परिषद के प्रमुख चा‌र्ल्स मिशेल ने स्पेन को भेजे एक पत्र में कहा, 'यूरोप पूरी एकजुटता से आपके साथ खड़ा है। हम आपकी मदद के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।' यूरोपीय संसद के अध्यक्ष डेविड ससोली ने स्पेन के नागरिकों को किए गए ट्वीट में कहा, 'आप जिस तरह की कठिनाइयों और समस्याओं का सामना कर रहे हैं, उनके साथ हमारी पूरी सहानुभूति है।'


टोक्यो में संक्रमण के 40 नए मामले सामने आए


बुधवार को टोक्यो में संक्रमण के 40 नए मामले सामने आए। यह एक दिन में संक्रमित लोगों की सबसे ज्यादा संख्या है। जापान में संक्रमित लोगों की संख्या 1271 है जबकि मृतकों की संख्या 44 है। यह आंकड़ा शिप में हुई 10 मौतों और 712 संक्रमित मामलों से अलग है। टोक्यो की गवर्नर ने लोगों से सिर्फ जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकलने को कहा है। उन्होंने कहा कि अगर जनता इस सलाह पर अमल करती है तो शहर में लॉकडाउन नहीं किया जाएगा।


ईरान में मृतकों की संख्या 2077 हुई


ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने देश में नए साल पर होने वाले सभी कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा दिया है। पिछले चौबीस घंटे वहां 143 और लोगों की मौत हुई है। मरने वालों की संख्या 2077 हो गया है। संक्रमित लोगों की संख्या 27,017 हो गई है।


देश-मौत-संक्रमित


इटली-6820-69,176


स्पेन-3434-47,610


चीन-3281-81,218


ईरान-2077-27,017


फ्रांस-1100-22,300


अमेरिका 785-55,081


न्यूजीलैंड में आपातकाल 


- नेपाल में कोरोनावायरस संक्रमित तीसरा मरीज सामने आया है।


- न्यूजीलैंड में आपातकाल लागू किया गया। 


अमेरिकी पोत के तीन जवानों का टेस्ट पॉजिटिव


अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट में सवार तीन जवानों का कोरोनावायरस का टेस्ट पॉजिटिव आया है। संक्रमित जवानों के साथ ही उन लोगों को भी आइसोलेशन में भेज दिया गया है, जो जो इनके संपर्क में थे। किसी अमेरिकी पोत में इस तरह का यह पहला मामला है। पोत में 5000 से अधिक जवान और कर्मचारी तैनात हैं। पोत ने 15 दिन पहले वियतनाम के एक बंदरगाह पर लंगर डाला था।