समाजसेवा करने वाली महिलाएं सम्मानित

हरिद्वार: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दरिद्र नारायण वंदना ट्रस्ट की ओर से समाज मे उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।



शनिवार को जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीओ सदर पूर्णिमा गर्ग और सूचना अधिकारी अर्चना ने सभी महिलाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान पूर्णिमा गर्ग ने महिलाओं को हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि महिलाओं के सामने अनेक उतार चढ़ाव आते हैं लेकिन सब परिस्थितियों का सामना करने के लिये महिलाएं हमेशा डटी रहती हैं। सूचना अधिकारी अर्चना ने कहा कि महिलाएं समाज का वो अंग हैं, जिसके बिना समाज कुछ नहीं हैं। महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर है। इसलिए महिलाओं को खुद को कभी भी कमजोर या पीछे नहीं समझना चाहिए। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने जीवन के संघर्षों को भी साझा किया। इस अवसर पर वंदना गुप्त, रीना, आरती, महेंद्र कौर, बबीता, अमिता, सुषमा, पुष्पा, ममता, मनु शिवपुरी, काजल रिदिमा, विनय आदि शामिल रहे। 


महिला विद्यालय डिग्री कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं को मजबूत करने पर बल दिया गया। इस दौरान महिलाओं व छात्राओं को महिला अधिकारों व योजनाओं की जानकारी दी गई। शनिवार को कनखल सतीकुंड स्थित कॉलेज की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा ने कहा कि आज महिलायें किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं है। बावजूद इसके आज समाज में महिलाओं की सुरक्षा समाज के लिए चुनौती बनी हुई है। ऐसे में हम सभी का कर्तव्य है कि महिलाओं को मजबूत बनाये। डॉ. एमडी भास्कर ने समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों से अवगत कराया। डॉ. सुमन चावला ने देश में सरकार की ओर से महिलाओं के लिये बनाये गये अधिकारों व योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. प्रेरणा पांडेय, शिखा गुप्ता, डॉ. गीता जोशी, डॉ. प्रीति आत्रेय, डॉ. राखी सिंह, डॉ. सुमन सेमवाल, कल्पना, अंकिता, विभूति, अनुराधा शर्मा, मोतिया, अनुराधा चौधरी आदि शामिल रहे।